आर यू अ ट्रू भारतीय? आर यू श्युअर?..
आपका यह लगना कि चूंकि भोगौलिकता में आप भारत में हैं, आपके भारतीय होने का वास्तविक प्रमाण नहीं है. जैसे चंदामामा के बाजू में ‘सत्य के साथ मेरे प्रयोग’ की एक प्रति सजाकर मुग़ालता पाल लेना कि आप गांधीवादी हो लिए.. या तकिये के नीचे मनोहर कहानियां रखकर मनोहारी, साहित्यिक-संसारी होने का भरम?.. ऐसे उपयोगी प्रयोग किम्बा प्रयोगी उपयोग आपको क्लेश व कलुषता की ओर ले जायेंगे, भारतीय मार्मिकता किम्बा मर्मांतक भारतीयता की ओर तो कतई नहीं.. हो सकता है जीवन में ग़लत उपादानों की उपस्थिति आपको भारत में भी मोरक्कन किम्बा मैडागास्केरियन बनाये रखे.. विभ्रांतियों से दबाये रखे! मर्मांतक भारतीयता के लिए आपको जीवन में निर्दिष्ट अवयवों का ध्यान धरना होगा.. ध्यान ही नहीं, घर निर्दिष्ट अवयवों से भरना भी होगा! वे अवयय क्या हैं इसकी सूची नीचे जारी की जाती है टिल द स्टॉक लास्ट्स. गो एंड फिल यूअरसेल्फ!.. आई मीन यूअर हाऊस?
सबसे पहले घर के कोने-अंतरे जांचकर देखें ब्रांड बाटा का चप्पल है या नहीं. बाटा न हो तो केरोना.. या लखानी? तदोपरांत कॉलगेट.. या हिंदुस्तान लीवर का कोई साबुन.. लाइफ़ब्वॉय वुड बी द बेस्ट सॉल्यूशन! आपकी संदिग्ध भारतीयता के विरूद्ध ये बड़े स्पष्ट भारतीय उद्घोष हैं! घर में इनकी उपस्थिति से आप अपनी राष्ट्रीयता अश्योर कर सकते हैं. इसके बाद जांच करें घर में घोड़ा छाप माचिस है या नहीं.. या मोर छाप अगरबत्ती? कछुआ छाप कॉयल? प्लास्टिक की बाल्टी और स्टील की थाली आल्सो इज़ मस्ट. द सेम अप्लाइज़ विद् प्लास्टिक कुर्सी. ऑर कुर्सियां. एक नारियल की व दूसरी फूलदार झाड़ू हो. नारियल की चटनी न भी हो तो कम स कम नारियल का तेल हो फिर. या केयो कारपिन.. किम्बा आंवला शिकाकाई? बरनाल, बोरोलीन, बोरोसील, बोरोप्लस और इसी तरह के कुछ अन्य बोरो. व बोरे. ज़रूरी हैं.
दाद व खुजली से कुछ गुप्त रोगों की गुप्त दवा बाथरूम में कहीं इधर-उधर छुपाके ज़रूर रखी पड़ी हो. अमृतांजन. झंडू बाम. गणेशजी की फ़ोटो. हल्दीराम. अचार की दो किस्में दिखें. व्यभिचार वाले एक भी नहीं. अत्याचार संदिग्ध बना रहे. एनासिन, क्रोसिन जैसी कुछ दवाइयां हमेशा एक्सेसिबल रहें. खांसी का सिरप. रूह-अफज़ा. रूहे-तासीर अनुप जलोटा, पंकज उधास. बच्चों के लिए दिलेर दलेर. अमर चित्र कथा टाइप लिटरेचर. सम लिटिल चटाई. खटाई. खटिया एंड फोल्डिंग बेड. ए पलंग ऑल्सो मस्ट बी देयर. दॉ नॉट फोल्डेड.
सोना. गोल्ड. घर में होना ज़रूरी है. भले सौ ग्राम हो. दस तरह के ताले. कुछ छिपे हुए आले. आईना प्रचुर मात्रा में हो. शादी के वक़्त खिंचवाई तस्वीर. कोई बाबा प्रदत्त शांति. भ्रांति. इतनी सारी चीज़ें घर में ठेले रखिए फिर देखिए, कौन माई का लाल आपके भारतीय होने पर संदेह करता है! फिर भी संदेह करने से बाज न आये तो उसका समाधान सामान-संवाद नहीं हाथ और लात ही है?


8 कमेंट:
मोरक्कन किम्बा मैडेगास्केरियन ..ओह! किम्बा किम ? बा ?
पढ़ते-पढ़ते कई जगह खुद को हंसने से नहीं रोक सका। लेकिन अंदर से टीस भी लगी कि हां, इसमें से 80% 'भारतीय' तो मैं भी हूं। बहुत ही नायाब पोस्ट है।
हम तो अभी कुछ हफ़्ते पहले तक इन्डियन था जी. आजकल ताजा ताजा नार्थ इन्डियन बना हू जी,अब ये भारतीय कौन है कहा है जी ,क्या आजकल आप भी काग्रेसी राजकुमार की तरह कुछ खोज कर रहे है का...पतन शीलता छोड कर..?
भारतईयता एक खोज
केवल सत्य के साथ मेरे प्रयोग’ की प्रति और सोना नहीं है. बाकी सबकुछ मिलाकर देख लिया. पता चला मैं भी 'बड़ा भारतीय' हूँ. किम्बा शब्द का प्रयोग बहुत खूब रहा.
और पोस्ट के लिए क्या कहूं?....बहुत खूब.
प्रभुजी - जय हो! जय हो - आज मौसम क्यूं बड़ा बे-ईमान है ? - चुरुट पनामा, खादी भवन का पाजामा, कान में मैल, जवाकुसुम तैल, बिन्दु की बिंदी, धर्मयुग वाली हिन्दी, शेर छाप बीडी, कोईले वाली सिगड़ी, हरीसन ताला, बिनाका गीतमाला ......- मनीष
का कहें..हम त खुदहि एक ठे भटकल पुरबिया हंई... :) सुन्दर पीस फिर से. बधाई लिजिये...लिजिये लिजिये... :)
परत-दर-परत
भारतीयता के भ्रम और
बाज़ार से जुटाई गई
देश-भक्ति की मिसालों का
साधु-शल्य प्रवीण लेखनी से
सत-मुख-दर्शन कराया है आपने!
बोरो और बोरे जैसा प्रयोग!......बहुत खूब!
अँग्रेजियत के नशे के
मध्यमवर्गीय खोखलेपन को भी
बेपर्दा कर दिया लगे हाथ.
सधा हुआ........मजेदार पोस्ट.
आपका आभार .
Post a Comment